देहरादून -: बदहाल सड़कों को लेकर महिला कांग्रेस ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय का किया घेराव

Spread the love

तेज बारिश में भी नहीं डिगा जनआक्रोश, धर्मपुर की बदहाल सड़कों को लेकर महिला कांग्रेस का पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर जोरदार घेराव
देहरादून, 30 जुलाई। धर्मपुर विधानसभा की जर्जर सड़कों, गहरे गड्ढों, क्षतिग्रस्त नालियों एवं ध्वस्त जल निकासी व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय का जोरदार घेराव एवं प्रदर्शन किया गया। दोपहर लगभग 12:30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान तेज बारिश भी आंदोलनकारियों के हौसले को नहीं डिगा सकी और बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं स्थानीय नागरिक लगातार डटे रहे।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें धर्मपुर विधानसभा की विभिन्न सड़कों, गड्ढों, क्षतिग्रस्त नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्याओं का विस्तार से उल्लेख किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि धर्मपुर विधानसभा के लगभग प्रत्येक वार्ड में सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। अधिकांश सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से वर्षा का पानी उनमें भर जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं नालियों की समुचित सफाई एवं निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पूरा पानी सड़कों पर जमा हो जाता है, जिससे आमजन, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क और नाली का अंतर तक समाप्त हो गया है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
अधिशासी अभियंता ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए संबंधित सड़कों के सुधार, गड्ढों को भरने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।
वार्ता के दौरान श्रीमती ज्योति रौतेला ने कहा कि लगभग सात से आठ माह पूर्व भी इन्हीं समस्याओं को लेकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर विभाग को ज्ञापन सौंपा गया था तथा अधिकारियों को समस्याग्रस्त स्थानों का चिन्हीकरण कर अवगत कराया गया था। उस समय भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। केवल औपचारिकताएं निभाई गईं और लीपापोती की गई, जबकि धर्मपुर विधानसभा की जनता आज भी बदहाल सड़कों और मूलभूत सुविधाओं के अभाव का दंश झेल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभाग जनसमस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं। यदि इस बार भी विभाग केवल आश्वासन तक सीमित रहा और समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो महिला कांग्रेस क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर इससे भी बड़ा जनआंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और संबंधित विभाग की होगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “कमीशनखोरी बंद करो”, “धर्मपुर की गड्ढों वाली सड़कों का हिसाब कौन देगा”, “जनता के साथ छल बंद करो”, “पीडब्ल्यूडी होश में आओ” जैसे नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर लक्खीबाग पार्षद आयुष गुप्ता, पूर्वी पटेलनगर ब्लॉक अध्यक्ष एवं लोहिया नगर पार्षद मुकिम अहमद, बंजारावाला ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र पंवार, हेमंत उप्रेती, फारूक राव,जमाल खान, युवा कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष प्रियांशु गौड,विकास यादव,अनिता सकलानी, रजनी जुयाल, चंदा ध्यानी, हेमा जुयाल, अनुराधा, बबीता, नंदिता गरिया, कुसुम सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Powered & Designed By Dhiraj Pundir 7351714678