रुद्रप्रयाग: मौसम विभाग द्वारा जनपद रुद्रप्रयाग में भारी वर्षा, आंधी-तूफान और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. संभावित आपदा की स्थिति के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और यात्रा मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर संचालित सभी श्रद्धालुओं को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थलों एवं सुरक्षित स्थानों पर रोके जाने के निर्देश दिए गए हैं. विशेष रूप से सोनप्रयाग, गौरीकुंड तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को मौसम सामान्य होने तक यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश जारी किए गए हैं.जिलाधिकारी स्वयं मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहकर सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
प्रशासन के अनुसार होल्डिंग स्थलों पर यात्रियों के ठहरने, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट, DDRF, SDRF, NDRF और अन्य विभागीय टीमें पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं.जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार के भूस्खलन, मार्ग अवरोध, दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दी जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो.
अति महत्वपूर्ण सूचना : केदारनाथ यात्रा अस्थाई रूप से रोकी गई
⛈️ मौसम विभाग द्वारा जनपद रुद्रप्रयाग में भारी वर्षा और आंधी-तूफान की प्रबल संभावना (ऑरेंज अलर्ट) व्यक्त की गई है। जनपद में देर रात्रि से ही लगातार बारिश हो रही है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में केदारनाथ यात्रा को अस्थाई तौर पर रोक दिया गया है।
• केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवागमन कर रहे सभी यात्रियों को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थल/सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है।
• मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी।
• सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस, DDRF, SDRF, NDRF एवं संबंधित विभाग अलर्ट पर हैं।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:
किसी भी प्रकार की आपदा, मार्ग अवरोध, भूस्खलन या आपात स्थिति में तुरन्त सम्पर्क करें:
जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र (DEOC): 8958757335, 8218326386
पुलिस सहायता: डायल 112
यात्रियों से अपील: कृपया संयम बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने में सहयोग करें। यह निर्णय पूरी तरह से आपकी सुरक्षा के लिए लिया गया है।
गढ़वाली कुमाउनी वार्ता
समूह संपादक