तड़के सुबह बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग उस वक्त चीख-पुकार से दहल उठा, जब हरिद्वार से बद्रीनाथ की ओर जा रही एक यात्री बस गूलर पुल के पास अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस हृदयविदारक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायलों को रेस्क्यू कर एम्स भेजा जा चुका है हैं। मुनिकीरेती पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब सवा चार बजे हुआ। जब यात्रियों से भरी हुई बस अपनी रफ्तार से बद्रीनाथ की ओर बढ़ रही थी, तभी गूलर पुल के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सीधे नदी में जा गिरी। सुबह के सन्नाटे के बीच हुए इस हादसे के बाद मौके पर हाहाकार मच गया और घायलों की चीख-पुकार गूंज उठी। सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना मुनिकीरेती के साथ ही चौकी गूलर, शिवपुरी और ब्यासी का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर SDRF, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को बुलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर जान जोखिम में डालते हुए अब तक 20 से ज्यादा घायलों को बाहर निकाला है। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया है। फिलहाल, घटनास्थल पर पुलिस और SDRF का सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसका पता लगाया जा रहा है। मृतकों की पहचान के प्रयास भी जारी हैं।
रुद्रप्रयाग
*देर रात्रि बोलेरो वाहन खाई में गिरा, पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन।*
देर रात्रि बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा।
यह अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण एवं दुःखद घटना है।
वाहन में लगभग 09-10 व्यक्तियों के सवार होने की सूचना प्राप्त हुई।
रात भर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार व्यक्तियों को खाई से बाहर निकाला गया।
इस दुर्घटना में 04 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 06 व्यक्ति घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 02 घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि 04 घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरान्त हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतकों का विवरण—
1. कुंवर सिंह पुत्र श्री बच्चन सिंह, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
2. मदन सिंह पुत्र श्री मोहन सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
3. सूरत सिंह पुत्र श्री भीम सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम देड़ा, ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
4. बलवीर सिंह पुत्र श्री बिहारी सिंह, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम दादा गैड़ बस्ती, रांसी, ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की टीमों द्वारा आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
गढ़वाली कुमाउनी वार्ता
समूह संपादक