चमोली न्यूज़ -: थराली में हुआ दर्दनाक हादसा – चाचा की शव यात्रा में गए भतीजे की शमसान घाट में मौत….

Spread the love

पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से 108 सेवा चालक की मौत, चाचा की अंत्येष्टि में शामिल होने गया था युवक
चमोली के थराली में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई. युवक 108 आपातकालीन सेवा का चालक था.
थराली: चमोली जिले के थराली विकासखंड के कैरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक दिग्विजय सिंह अपने चाचा की शव यात्रा में शामिल होने गया था. इसी दौरान अचानक पहाड़ी से एक पत्थर गिरकर उनके सिर पर आ लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों द्वारा घायल अवस्था में दिग्विजय को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

रविवार 17 मई को दिग्विजय सिंह अपने चाचा 46 वर्षीय भूपाल सिंह पुत्र हरेंद्र सिंह की शव यात्रा में शामिल होने गया था. भूपाल सिंह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे और रविवार सुबह उनका निधन हो गया था. चाचा की अंतिम यात्रा में शामिल होने गए दिग्विजय के साथ हादसा हो गया.

सोल घाटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष चरण सिंह ने बताया कि, कैरा गांव के निवासी 30 वर्षीय दिग्विजय सिंह पुत्र हर्षपाल सिंह रावत 108 आपातकालीन सेवा में चालक के पद पर तैनात था. उनके निधन की खबर से पूरे सोल क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में तैनात डॉक्टर अमित रूद्र ने बताया कि, दिग्विजय सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था. लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया था.
वहीं, ग्वालदम चौकी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह ने बताया कि, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है. पोस्टमॉर्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में कराया जाएगा.

दिग्विजय की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. उनके पिता क्षेत्र के उभरते हुए किसान माने जाते हैं और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. बेटे की मौत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

error: Content is protected !!
Powered & Designed By Dhiraj Pundir 7351714678