स्थान- नैनीताल
ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस कर्मियों ने युवती से छेड़छाड़ व मारपीट कर डाली। स्थानीय लोगों ने पकड़ कर पुलिस के किया हवाले। एसएसपी ने कहा ऐसे लोगों की जगह है जेल।
रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 15 किलोमीटर दूर विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में स्थापना दिवस मेले के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है।
ड्यूटी पर ऊधमसिंहनगर जिले से आए दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में भवाली पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंहनगर जनपद में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद और कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार मेले में ड्यूटी के लिए कैंची धाम पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़छाड़ की। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों पुलिसकर्मियों ने अभद्रता और मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
एसएसपी डॉक्टर मंजूनाथ टीसी ने बताया जैसे ही देर रात सूचना मिली तो पुलिस मौके पर गई दोनों आरोपितों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
बताया कि युवती के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी ने कहा कानून सबके लिए एक है कानून से बड़ा कोई नहीं है। चाहे आमजनमानस हो या पुलिस कर्मी वह अगर गलत कार्य करता है तो उसकी जगह जेल है।एसएसपी डॉक्टर मंजूनाथ टीसी ने कहा दोनों पुलिस कर्मियों पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी जिस जनपद के पुलिस कर्मी हैं वहाँ के एसएसपी को भी अवगत करा दिया गया है।
यहाँ बता दें 15 जून को कैची धाम में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई जा रही है। जिसमें देश, विदेश से भी पर्यटक बाबा नीम करौली महाराज की मूर्ति के दर्शन करने आते हैं। अभी तक लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं से बाबा नीम करौली महाराज मंदिर के दर्शन कर लिये होगें।
जहां एक और पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी में दिन रात लग्न एवं ईमानदारी से करते आ रहे हैं। वही कुछ पुलिस कर्मी शराब के नशे में गलत हरकत करते हैं। इससे पुलिस की छवि खराब होती है। एसएसपी ने सख्त चेतावनी दी है किसी को भी गलत हरकत करते हुए देखा गया या पाया गया तो वह सीधे जेल की सलाखों के भीतर जायेगा।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भी अपील की है बाबा नीम करौली महाराज मंदिर दर्शन करने के लिए आये तो संयम जरूर बरतें। और पुलिस का भी सहयोग करें।
गढ़वाली कुमाउनी वार्ता
समूह संपादक