अमस्यारी गांव में एक रूसी नागरिक पैदल चलने के दौरान फिसलकर खेतों में जा गिरा। गांव की महिलाओं ने ग्राम पंचायत के स्ट्रेचर की मदद से उसे सड़क तक पहुंचाया। निजी अस्पताल में जांच के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।
बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के अमस्यारी गांव में एक रूसी नागरिक पैदल चलने के दौरान फिसलकर खेतों में जा गिरा। गांव की महिलाओं ने ग्राम पंचायत के स्ट्रेचर की मदद से उसे सड़क तक पहुंचाया। निजी अस्पताल में जांच के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार घटना में सैलानी को गंंभीर चोट नहीं लगी है।
पहाड़ों की सैर पर आए रूसी नागरिक स्किलियारोव बोरिस (55), स्मिलेयेनको आइगोर (54) और साइप्रस के नागरिक व अप्रवासी भारतीय डॉ. पंकज कुशवाहा (60) पिछले दिनों कौसानी आए थे। शनिवार को तीनों वाहन बुक कर ग्वालदम घूमने गए थे। वापसी में वह ट्रैकिंग करते हुए गरुड़ की तरफ आ रहे थे।
अमस्यारी गांव के पैदल रास्ते में संतुलन बिगड़ने के कारण बोरिस फिसलकर खेतों में जा गिरे। वह उठने की स्थिति में नहीं थे और बुरी तरह से चोटिल होकर कराह रहे थे। इस बीच गांव की महिलाओं ने विदेशी नागरिक को खेतों में गिरे देखा तो स्ट्रेचर लेकर वहां पहुंचे। चंद्रा देवी, हेमा जोशी, अनीता जोशी, सीमा परिहार, तारा परिहार और कविता जोशी ने उसे स्ट्रेचर की मदद से करीब आधा किमी दूर सड़क मार्ग तक पहुंचाया। जहां से उनके साथी निजी वाहन से उन्हें गरुड़ लेकर गए। महिलाओं का कहना है कि उसकी भाषा समझ में नहीं आ रही थी, लेकिन वह बार-बार हाथ जोड़कर आभार जता रहा था।
कोट- मामला संज्ञान में आने के बाद खोजबीन की गई। रात को मामले का पता चल सका। सैलानियों के दल में शामिल सर्जन डाॅ. कुशवाहा ने बोरिस का निजी अस्पताल में एक्सरे करवाया था। गंभीर चोट नहीं होने के चलते उन्हें अस्पताल में जांच कराने की जरूरत नहीं पड़ी। बताया कि तीनों लोग ट्रैकिंग करते हुए आ रहे थे। इसी दौरान घटना हो गई। तीनों के पास टूरिस्ट वीजा है।
फार्म सी नहीं भरने पर होम स्टे संचालक का चालान
विदेशी नागरिकों को बिना फॉर्म सी के ठहराने पर बैजनाथ पुलिस ने होम स्टे संचालक का चालान किया है। इसके तहत पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि स्किलियारोव बोरिस, स्मिलेयेनको आइगोर और डॉ. पंकज कुशवाहा टूरिस्ट वीजा पर घूमने आए थे। वह बैजनाथ के एक होम स्टे में ठहरे थे। तीन अप्रैल से उन्होंने होम स्टे बुक किया था। उनके पासपोर्ट और वीजा सही पाए गए लेकिन होम स्टे संचालक ने विदेशी नागरिकों को ठहराने से पहले निर्धारित फॉर्म सी नहीं भरा था। पुलिस को भी इसकी सूचना नहीं दी थी। जिसके चलते होम स्टे संचालक पंकज लोहुमी निवासी भेटा के खिलाफ धारा 52(3)/83 के तहत कार्रवाई की गई है।
गढ़वाली कुमाउनी वार्ता
समूह संपादक