Almora Big News: जागेश्वर कसार देवी सड़क पर देवदार के पेड़ों पर लगे लाल निशान, अब आरी लगाने की तैयारी

Spread the love

अल्मोड़ा। जागेश्वर दारुक वन में सड़क चौड़ीकरण के लिए पौराणिक देवदार के पेड़ों के काटने का मामला अब तक शांत नहीं हुआ है। अब कसारदेवी को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण की कवायद शुरू होने के बाद यहां भी देवदार के हरे पेड़ों पर लाल निशान लग गए हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां भी सड़क चौड़ीकरण के लिए देवदार के विशालकाय हरे पेड़ों पर आरी चलेगी।

मानसखंड मंदिर मिशन माला के तहत जिले में जागेश्वर, कसारदेवी, सूर्य मंदिर कटारमल, चितई सहित अन्य मंदिरों का विकास होना है। इन मंदिरों को जोड़ने वाली सड़कों को बेहतर और चौड़ा बनाने की योजना है। कसारदेवी को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण की कवायद शुरू हुई है। अल्मोड़ा नगर के पास कसारदेवी मंदिर और इसके आसपास सड़क किनारे हरे देवदार के विशालकाय पेड़ मौजूद हैं। यहां पपरशली के पास वन विभाग ने देवदार के कई पेड़ों पर लाल निशान लगा दिए हैं। हालांकि कितने पेड़ चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी देने से विभाग बच रहा है। लाल निशान से अंदाजा लगाया जा सकता है कि 30 से अधिक देवदार के पेड़ों पर आरी चलाने की तैयारी है।

error: Content is protected !!
Powered & Designed By Dhiraj Pundir 7351714678